• India
  • Sat , Feb , 22 , 2025
  • Last Update 10:41:AM
  • 29℃ Bhopal, India

मप्र विधानसभा चुनाव और भाजपा की लोक मंगलकारी प्रतिबद्धता

सार

पन्ना समितियों ,शक्ति केंद्रों के माध्यम से समाज के अंतिम  व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबध्दता पूर्वक कार्य किया जा रहा है, जिसमें लाखों सक्रिय सदस्यों एवं प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक कार्यकर्ता अपना योगदान दे रहे हैं..!

janmat

विस्तार

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मात्र चार-पाँच माह का अल्प समय शेष है।लोकतंत्र में चुनाव की महत्ता आध्यात्मिक महाकुंभ के समान होती है। महायज्ञ अश्वमेध सदृश होती है। लोकतंत्र रूपी मंदिर में प्रजा ही भगवान  है। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी संगठन एवं सरकार मध्य प्रदेश रूपी मंदिर में निवासरत लगभग साढ़े आठ करोड़ जनता को भगवान के रूप में आराधना करते हुए सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है ,प्रतिबद्ध है। यह प्रतिबद्धता पार्टी के निरंतर संचालित संगठनात्मक नीतियों एवं कार्यक्रमों में एवं केंद्र की न भूतो न भविष्यति,यशस्वी  प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी की सरकार एवं मध्य प्रदेश में यशस्वी मुख्यमंत्री श्रीमान शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा प्रवर्तित 200 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन,अनुपालन द्वारा प्रतिबिंबित होती है।

प्रदेश भाजपा संगठन 'संगठनात्मक नीतियों  एवं कार्यक्रमों ' को सुनियोजित रूप से प्राथमिक स्तर तक क्रियान्वयन एवं निष्पादन के साथ ही केंद्रीय भाजपा कार्यालय से प्राप्त कार्यक्रमों को समाज में अंतिम छोर तक प्रभाविकता से अनुपालन हेतु सदैव प्रयत्नशील रहता है। बूथ स्तर पर गठित त्रिदेव कार्यकर्ताओं को पार्टी के ब्रह्मा, विष्णु, महेश के रूप में माना गया है। पन्ना समितियों ,शक्ति केंद्रों के माध्यम से समाज के अंतिम  व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबध्दता पूर्वक कार्य किया जा रहा है।जिसमें लाखों सक्रिय सदस्यों एवं प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक कार्यकर्ता अपना योगदान दे रहे हैं। यही असंख्य देव तुल्य कार्यकर्ता भाजपा की केंद्र सरकार एवं राज्य की शिवराज सरकार की योजनाओं को हितग्राहियों सतत संपर्क बनाए रखते हैं।

बूथ स्तर पर मध्य प्रदेश के लगभग 64000 से अधिक मतदान केंद्रों,बूथों पर 99 प्रतिशत से अधिक का डिजिटलाइजेशन संपन्न हो गया है। राजस्थान में संपन्न हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में यशस्वी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा मप्र संगठन की प्रशंसा की गई थी।प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव,राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश,क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल,प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा,संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं संगठन कार्यकर्ताओं के सुनियोजित ,भागीरथी,अखंड-प्रचंड पुरुषार्थ का ही सुफल है।

कुछ दिनों पूर्व ही बूथ विस्तार योजना के अगले चरण में बूथ विजय संकल्प अभियान के द्वारा समस्त त्रिदेव कार्यकर्ताओं,पन्ना समितियों, शक्ति केंद्रों को नव ऊर्जा से संचारित किया गया है ।बूथ विजय संकल्प अभियान द्वारा प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत से अधिक का वोट शेयर अर्जित करने के लक्ष्य को आत्मसात करके कार्यकर्ता हितग्राहियों से सतत संपर्क में रहते हैं।नगरीय निकाय के नगर निगम चुनाव में भाजपा को 55 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं ।यह पार्टी के 51 प्रतिशत के लक्ष्य से भी अधिक हैं।

नगर पालिका एवं नगर परिषद के चुनावों में 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं।लोकतंत्र में इस प्रकार का जनादेश संगठन एवं सरकार की योजनाओं की सफलता का प्रतीक है। संगठन कौशल एवं कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही सुफल है कि मध्य प्रदेश में 19 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी सरकार की कार्यक्रमों,योजनाओं,नीतियों पर जनता अपना आशीर्वाद स्वरूप बारंबार अपना मत रूपी आशीर्वाद देकर,भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जनसेवा का अवसर प्रदान कर रही है।एंटी इनकम्बेंसी को प्रो इनकम्बेंसी में परिवर्तित कर रही है।

भाजपा ने राजनीति को जन सेवा का माध्यम स्वीकार किया है।यही कारण है कि पार्टी कार्यकर्ता देश,प्रदेश में विपत्तियाँ आने पर प्राणी मात्र की जीवन रक्षा हेतु अपना सर्वस्व अर्पित कर देते हैं।कोरोना काल में यह सत्य भली भांति प्रकट हुआ है।भारतीय समाज ने अनुभव किया है कि भाजपा ही एक मात्र राजनैतिक दल है जिसके कार्यकर्ताओं ने मानव सेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं।लॉक डाउन में लाखों लोगों को भोजन, आक्सीजन सिलेंडर,औषधियाँ, पद वेश जूते-चप्पलों का वितरण आदि कार्यों से मानवता की सेवा की है।

अन्य राजनीतिक दलों ने कोरोना वेक्सीन पर भ्रम फैलाया किन्तु भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को घरों से निकाल कर वेक्सीनेशन कार्यक्रम में अप्रतिम योगदान देकर जीवन रक्षा की है।मध्य प्रदेश ने एक दिन में दस लाख से अधिक लोगों को वेक्सीन लगाने का देश भर में कीर्तिमान स्थापित किया।यह भाजपा कार्यकर्ताओं के अखंड प्रचंड पुरुषार्थ का प्रत्यक्ष प्रमाण है।भाजपा की शिवराज सरकार द्वारा जनता की ईश्वर रूप में सेवा अद्वितीय है।