Delhi Election Results 2025: 27 साल बाद दिल्ली में BJP की सरकार! प्रचंड जीत की ओर बढ़ती भाजपा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना के आठ दौर पूरे हो चुके हैं, जिनमें अरविंद केजरीवाल 450 वोटों से पीछे चल रहे हैं और भाजपा के प्रवेश वर्मा एक बार फिर आगे चल रहे हैं..!

Delhi Election Results 2025:  दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने शुरु हो गए हैं। 19 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती जारी है। अरविंद केजरीवाल 450 वोटों से पीछे चल रहे हैं। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना के आठ दौर पूरे हो चुके हैं। जिनमें अरविंद केजरीवाल 450 वोटों से पीछे चल रहे हैं और भाजपा के प्रवेश वर्मा एक बार फिर आगे चल रहे हैं।

घोंडा विधानसभा सीट पर भाजपा के अजय महावर को 30,340 वोट मिले। वहीं आप के गौरव शर्मा को 16599 वोट और कांग्रेस के भीष्म शर्मा को मात्र 1489 वोट मिले। आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज भी ग्रेटर कैलाश सीट से पीछे हो गए हैं। भाजपा की शिखा राय 2271 मतों से आगे चल रही हैं।

रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी सीट पर अपनी बढ़त के बारे में कहा, "कालकाजी का बुरा हाल था। यहां की सड़कें खराब थीं, पानी गंदा था और गंदे पानी के लिए कोई सीवेज सिस्टम नहीं था। पिछले 10 सालों में आप ने यहां कोई काम नहीं किया। पिछले 10 सालों में दिल्ली में जो अराजकता रही है, उसे देखते हुए आम आदमी पार्टी का सफाया हो जाना चाहिए। कांग्रेस भी अब सिमट गई है, क्योंकि दिल्ली के लोग कांग्रेस से नफरत करते हैं।"

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, ‘अब तक के रुझानों में ऐसा लग रहा है कि वे (भाजपा) सरकार बनाएंगे। हमने मुद्दे उठाए लेकिन मुझे लगता है कि लोगों ने सोचा कि हम सरकार नहीं बनाने जा रहे हैं। हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं।’ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा सीट के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ था। यहां मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और कांग्रेस के बीच है। 

AAP के कई बड़े चेहरे छूट गए पीछे

आम आदमी पार्टी के लगभग सभी बड़े चेहरे पीछे छूट गए हैं। अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज, आतिशी, सोमनाथ भारती, सत्येंद्र जैन, अवध ओझा अपनी-अपनी सीटों पर भाजपा से पीछे चल रहे हैं। मनीष सिसोदिया केवल जंगपुरा सीट से आगे चल रहे हैं, लेकिन वहां भी कांटे की टक्कर है।

आप एक दशक से सत्ता में है और दोबारा जीतने की उम्मीद कर रही है। वहीं, 26 साल से जीत का सूखा झेल रही भाजपा वापसी की कोशिश सफल हबोती दिख रही है। कांग्रेस एक दशक से सत्ता से बाहर है और उसने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी जीत सुनिश्चित करने की भी कोशिश की थी।

राजधानी दिल्ली में कुछ सीटें ऐसी हैं जहां पर कांटे की टक्कर देखने को मिली है। इनमें नई दिल्ली, कालकाजी, जंगपुरा, पटपड़गंज, बादली, ओखला, मुस्तफाबाद, करावल नगर और ग्रेटर कैलाश हॉट सीटें हैं। आप के अरविंद केजरीवाल, आतिशी, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, एआईएमआईएम के ताहिर हुसैन, भाजपा के रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मोहन सिंह बिष्ट और कांग्रेस के संदीप दीक्षित व देवेंद्र यादव की सीटों पर खास चर्चा है।

एग्जिट पोल की बात करें तो टुडेज चाणक्य, चाणक्य स्ट्रैटजी, मैट्रिक्स और एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। जबकि दो एग्जिट पोल में आप आगे चल रही है। अन्य सीटों पर भाजपा और आप के बीच कड़ी टक्कर है। कुछ सर्वेक्षणों में कांग्रेस खाता खोलती नजर आ रही है, जबकि अन्य में उसे कोई सीट नहीं मिलती दिख रही है।

2020 के विधानसभा चुनाव में 62.82 प्रतिशत मतदान हुआ। आप ने भारी बहुमत से सरकार बनाई। उसने 70 में से 62 सीटें जीतीं जबकि भाजपा सिर्फ 10 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी।