पटना में कांग्रेस के मार्च में भारी हंगामा, हिरासत में लिए गए कन्हैया कुमार, वाटर कैनन का इस्तेमाल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पटना में कांग्रेस के मार्च के दौरान हंगामा हुआ, पुलिस ने NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया कुमार को हिरासत में लिया..!!

बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस के "पलायन रोको, नौकरी दो या मरो" मार्च के दौरान भारी हंगामा हुआ। पटना के डाक बंगला चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद पटना पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। हंगामा उस समय हुआ जब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की। कांग्रेस NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया कुमार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच हिरासत में ले लिया गया। पटना पुलिस उन्हें पुलिस वैन में थाने ले गई।

इस बीच कन्हैया कुमार ने कहा कि पुलिस या तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात कराए या फिर उन्हें जेल ले जाए। कन्हैया ने कहा कि पुलिस को पानी बर्बाद नहीं करना चाहिए, बेहतर होता कि कार्यकर्ताओं पर फेंका गया पानी नल के जरिए लोगों के घरों तक पहुंचाया जाता। 

आपको बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया और बस में बिठाकर थाने ले गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प जारी रही।

आपको बता दें कि कांग्रेस ने बिहार में पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा उठाकर नीतीश सरकार को घेरने के लिए 16 मार्च को पश्चिमी चंपारण के भितरवा आश्रम से पदयात्रा शुरू की थी। इसके बाद यह पदयात्रा बिहार के अधिकांश जिलों से होकर गुजरी और 11 अप्रेल सुक्रवार को पटना में इसका समापन हुआ। 

कांग्रेस नेता कन्हैया के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करना था, लेकिन जैसे ही कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, पुलिस ने उन्हें डाकबंगला चौराहे पर आगे बढ़ने से रोक दिया।

पटना पुलिस ने जब उन्हें रोका तो कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए और पुलिस से बहस करने लगे। जल्द ही कांग्रेस कार्यकर्ता बेकाबू हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं को तितर-बितर कर दिया। 

इसी बीच पुलिस ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता डाकबंगला चौराहे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। आपको बता दें कि हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी बेगूसराय पहुंचे थे और इस मार्च में शामिल हुए थे।