भोपाल: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना रेंज में पदस्थ एसडीओ (सब डिविजनल ऑफिसर) विनोद वर्मा को एक सांभर हिरण को अपना पोहा खिलाते और पालतू जानवर की तरह व्यवहार करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के चूरना वन क्षेत्र में एक सांभर को पोहा खिलाने का वीडियो वायरल हो गया, जो खुद एसडीओ फॉरेस्ट ने पोस्ट किया था। वह सांभर हिरण को रेस्क्यू करके लाए थे। वीडियो में दिख रहा है कि एसडीओ जंगल में बैठकर पोहा खा रहे हैं और उन्होंने सांभर यानी जंगली हिरण को भी पोहा खिलाया। इस दौरान वह सांभर को दुलारते दिख रहे हैं। वन्यजीवी विशेषज्ञ अजय दुबे बताते हैं कि आम लोगों के छूने से वन्य जीव बीमार भी हो सकते हैं। या फिर ऐसा भी हो जाता है कि अगर वह इंसानों का भोजन खा लें तो उन्हें लत लग जाए, जिसके लिए वह रहवासी इलाकों तक पीछा करते पहुंच जाएं, जो इनकी जान को खतरा बन सकता है।
इनका कहना
‘आम लोगों के लिए सोशल मीडिया पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणियों की फोटो डालने पर प्रतिबंध, लेकिन अधिकारी सांभर को दुलारते हुए खिलाने की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. इसके अलावा जब वन्यजीव अधिनियम के तहत जंगल के जानवरों को किसी भी प्रकार का भोजन देने और नजदीक जाने पर रोक है तो अधिकारियों को इससे छूट क्यों दी जा रही है? अधिकारी के इस कृत्य से जंगली जानवर को बीमारी का खतरा उत्पन्न हो गया है'।
अजय दुबे, वन्य प्राणी विशेषज्ञ