बुधनी सीट से टिकट ना मिलने पर सामने आया कार्तिकेय चौहान का रिएक्शन, कहा- ‘मैं कभी...’


Image Credit : X

मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव को लेकर घमासान मचा हुआ है। प्रदेश की बुधनी सीट पर उपचुनाव के टिकट की घोषणा होते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि मैंने कभी टिकट पाने की मंशा से काम नहीं किया। बीजेपी ने बुधनी सीट से रमाकांत भार्गव को अपना उम्मीदवार बनाया है।

बीजेपी नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा, ''रमाकांत भार्गव जी वरिष्ठ नेता हैं। हमने उनके नेतृत्व में कई चुनाव लड़े हैं।' वह बहुत अनुभवी नेता हैं। भाजपा में ऐसे कई नेता हैं जो मुझसे ज्यादा सक्षम और योग्य हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया फेसबुक पर लिखा, ''श्रद्धेय दादा रमाकांत भार्गव जी भाजपा के वरिष्ठ नेता और मेरे गुरु हैं। पार्टी ने बुधनी को मजबूत और अनुभवी नेतृत्व दिया है। पूज्य दादा के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटेंगे और भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे ने आगे कहा कि एक कार्यकर्ता के तौर पर मैंने बुधनी की जनता, पार्टी और विचारधारा के लिए काम किया है। यह विचार पार्टी के हर कार्यकर्ता को एक माला की तरह बांधे हुए है। मेरा सौभाग्य है कि कार्यकर्ताओं ने पैनल में मेरा नाम लिया। ये मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। मेरे लिए यही काफी है।

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश का बुधनी विधानसभा क्षेत्र केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पारंपरिक सीट रही है। विदिशा लोकसभा सीट से शिवराज सिंह चौहान के चुने जाने के बाद उन्होंने बुधनी सीट से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद यह विधानसभा सीट खाली हो गई जिसके बाद यहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी, शिवराज सिंह चौहान फिलहाल मोदी सरकार में कृषि मंत्री हैं।

एमपी में बुधनी और विजयपुर सीट पर उपचुनाव होने हैं। बीजेपी ने इन दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को बुधनी और रामनिवास रावत को विजयपुर सीट से मैदान में उतारा गया है। मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।