Laxman Singh: दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को बीजेपी में शामिल होने का न्योता, जानिए डिटेल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

कांग्रेस के कई दिग्गज पार्टी छोड़कर कमल के साथ आ गए। ऐसी ही सुगबुगाहट एमपी की राजनीति में एक बार फिर सुनाई देने लगी है..!!

Bhopal: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह की सियासी गरमाहट देखने को मिली, कुछ ऐसे नज़ारे, कुछ ऐसी संभावनाएं एक बार फिर देखने को मिल रही हैं। कांग्रेस के कई दिग्गज पार्टी छोड़कर कमल के साथ आ गए। ऐसी ही सुगबुगाहट एमपी की राजनीति में एक बार फिर सुनाई देने लगी है। 

पूर्व सांसद और दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने बीजेपी में शामिल होने का न्योता दिया है। खिलचीपुर से बीजेपी विधायक हजारीलाल दांगी ने भी कहा कि मैंने उनसे इस बारे में बात की।

आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को लेकर चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही कांग्रेस छोड़कर दोबारा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। दरअसल, सिरोंज के बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा है कि लक्ष्मण सिंह कांग्रेस में रहते हुए अत्याचार क्यों सह रहे हैं? मैं उनसे भाजपा में शामिल होने की अपील करता हूं।'

सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि लक्ष्मण सिंह का कांग्रेस से पहले ही मोहभंग हो चुका था। वैसे वे हमारे बड़े भाई हैं, वे सिरोंज राजगढ़ से कांग्रेस के सांसद थे और भाजपा के भी सांसद थे। मुझे नहीं पता कि वे बहक जाते हैं या नहीं, कभी-कभी कांग्रेस में निराशा हो जाती है। 

हमारे दरवाजे सभी कांग्रेसियों के लिए खुले हैं। हजारों, लाखों कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। आप कांग्रेस में रहकर अत्याचार क्यों सह रहे हैं? लक्ष्मण सिंह जी, मैं आपसे अपील करता हूं कि आप अच्छे और राष्ट्रवादी विचारों के साथ भाजपा में शामिल हों।

लक्ष्मण सिंह के बीजेपी में शामिल होने पर राजगढ़ के खिलचीपुर से बीजेपी विधायक हजारीलाल दांगी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण सिंह मेरे घर आये थे। वह मेरे पुराने दोस्त है, मैंने उससे बात की है। जब मैंने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सोचेंगे। 

हजारी लाल ने आगे कहा कि लक्ष्मण सिंह पहले कांग्रेस में थे। फिर वह बीजेपी में शामिल हुए, फिर कांग्रेस में। वह दोनों पार्टियों में रहे हैं, उन्हें कांग्रेस की रीति-नीति याद है, उन्हें भाजपा भी याद है। वे दिग्विजय सिंह के कारण मजबूरी में कांग्रेस में हैं।

विधायक हजारीलाल दांगी ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि दिग्गी राजा हमेशा गलत बयान देते हैं और उनके भाई लक्ष्मण सिंह हमेशा उनके बयानों की पोल खोलते हैं। इससे पहले लक्ष्मण सिंह ऐसे कई बयानों पर अपने भाई दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। उन्होंने राजगढ़ जिले में प्रचार नहीं किया। उन्होंने पहले ही कहा था कि हम चुनाव नहीं जीतेंगे। मैं क्यों जाकर अपनी बात ख़राब करूँ?