भोपाल: प्रदेश में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बल ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। बालाघाट में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के चलते सीमावर्ती जिले मंडला के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में नक्सली मूवमेंट तेज हो गया है। अब नक्सली वन कर्मियों को प्रताड़ित करने लगे है। इससे उनमें दहशत है। सुखद पहलू यह है कि अभी पर्याटन पर कोई असर नहीं पड़ा है।
पार्क प्रबंधन ने कान्हा में नक्सलियों की बढ़ती संख्या को लेकर राज्य शासन, विभाग प्रमुख और मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक को बकायदा लिखित और मौखिक सूचना दे दी है। साथ ही कान्हा में रिक्त पदों को अति शीघ्र भरने का आग्रह किया है। इस बार नक्सलियों की आमद बड़ी संख्या में दिखाई दे रही है। पार्क के मैदानी अमलों के अनुसार कान्हा नेशनल पार्क के सभी सात रेंजों में नक्सलियों की उपस्थिति देखी जा रही है। नक्सली अब वन कर्मियों के साथ मारपीट और उन्हें प्रताड़ित करने लगे है। नक्सलियों की बढ़ाते मूवमेंट के चलते रात्रिकालीन गश्ती पर असर पड़ रहा है।
कान्हा के जंगल में मौजूद थे 30 से 40 नक्सली..
सूत्रों के अनुसार नक्सलियों की संख्या 30 से 40 थी। पिछले वर्ष मार्च में पुलिस बल और हॉकफोर्स के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली भी मारा गया था। कुछ नक्सली को गिरफ्तार भी किया गया था। वन परिक्षेत्र में नक्सलियों का मूवमेंट बढ़ते देख पुलिस सक्रिय हुई। हालांकि अभी कोई बड़ी वारदात नहीं हुई है।