दिल्ली में नवगठित भाजपा सरकार ने 24 फरवरी से 27 फरवरी तक चार दिवसीय विधानसभा सत्र बुलाया है। इसमें सभी विधायक शपथ लेंगे और पांच साल से लंबित 14 कैग रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी।
आपको बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार 21 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। दूसरी ओर, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने अधिकारियों की बैठक बुलाई है। मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद वह अधिकारियों के साथ दिल्ली की परिवहन व्यवस्था पर चर्चा करेंगे और विभाग की समस्याओं और चुनौतियों को जानेंगे।
दिल्ली की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार ने कामकाज शुरु कर दिया है। शपथ लेने के बाद से ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक्शन मोड में नज़र आ रही हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लिया है। नई सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म कर दी है। इतना ही नहीं पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, अब उनको तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है और जल्द ही दिल्ली में बदलाव दिखेगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि वह अपने और अपनी पार्टी के लिए चिंतित हैं। हम काम करने आये हैं और काम करते रहेंगे।
उन्होंने एक बार फिर कहा कि हमारा एजेंडा पूरा करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं होगा। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि हम और हमारी सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे और सरकार हर हाल में अपने वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली ने आप सरकार का कुशासन देखा है। हमने देखा है कि दिल्ली को कैसे बर्बाद किया गया है, अब दिल्ली के लोग दिल्ली में हुए काम को देखेंगे।