लाल किले में विक्रमादित्य नाटक का होगा मंचन, CM कर चुके हैं अभिनय, वर्षों तक निभाई यह भूमिका


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सीएम मोहन यादव ने वर्षों तक इस महान नाटक में अभिनय किया है, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कई सालों तक विक्रमादित्य के पिता महेंद्रादित्य की भूमिका भी निभाई..!!

दिल्ली के लाल किले में 12 से 14 अप्रैल 2025 तक सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित भव्य नाटक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शासनकाल और उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। इस नाटक में 250 से अधिक कलाकार भाग लेंगे, जो सम्राट विक्रमादित्य की कहानी को जीवंत करेंगे। 

सीएम मोहन यादव ने वर्षों तक इस महान नाटक में अभिनय किया है। इस नाटक में पूर्व में अभिनय कर चुके सीएम डॉ. मोहन यादव ने कई सालों तक विक्रमादित्य के पिता महेंद्रादित्य की भूमिका भी निभाई।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन विकास निगम में कार्य करते हुए कई वर्षों तक सम्राट विक्रमादित्य के पिता महाराजा महेंद्रादित्य (गार्ड भील) की भूमिका निभाई। इस भूमिका में वे विक्रमादित्य का राज्याभिषेक करते नजर आये थे। अब यह भूमिका किसी अन्य कलाकार को सौंप दी गई है।

इस आयोजन से पहले 11 अप्रैल को फतेहपुरी, चांदनी चौक से लालकिले तक सम्राट विक्रमादित्य की शोभायात्रा निकाली जाएगी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विक्रमोत्सव 2025 के अंतर्गत सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य, न्याय और सुशासन की प्रेरक गाथा का देशभर में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में 12 से 14 अप्रैल तक दिल्ली के लाल किले स्थित माधवदास पार्क में सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित भव्य नाटक का आयोजन किया जाएगा।

महान सम्राट विक्रमादित्य द्वारा शुरू किए गए विक्रम संवत की गौरवशाली गाथा और विज्ञान, खगोल विज्ञान, कालक्रम, वैदिक संस्कृति और रंगमंच के प्रति उनके प्रेम को इस नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक ब्रांडिंग को भी नया आयाम मिलेगा।

यह भव्य नाटक महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित किया जा रहा है तथा इसे उज्जैन की विशाला सांस्कृतिक एवं जन कल्याण समिति द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। पद्मश्री डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित द्वारा लिखित एवं संजीव मालवीय द्वारा निर्देशित इस नाटक में करीब 250 कलाकार भाग लेंगे। पालकी, रथ, घोड़े और एलईडी ग्राफिक्स के माध्यम से विशेष प्रभाव प्रदान किए जाएंगे।

इस मेगा ड्रामा के निर्माता राजेश सिंह कुशवाहा के अनुसार हैदराबाद, प्रयागराज, आगरा और उज्जैन समेत कई शहरों में इस नाटक का मंचन किया जा चुका है। वहीं इसका 53वां मंचन 24 से 26 मई तक भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।