इंदौर के बड़े आस्था का केंद्र श्री खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी पर आयोजित होने वाला मेला मंगलवार को प्रारंभ हो गया। 'तिल चतुर्थी' महोत्सव की शुरुआत इंदौर कलेक्टर इलैयाराजा और निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने पूजन अर्चन के साथ की। खजराना गणेश मंदिर परिसर में लगने वाले तिल चतुर्थी मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं।
मेला तिल चतुर्थी से शुरू होकर 12 जनवरी तक चलेगा। श्री खजराना गणेश मंदिर में प्रातः 8.30 अभिषेक, ध्वज, पूजन और महाआरती के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खास बात ये है कि 1735 में खजराना गणेश मंदिर की स्थापना भी तिल चतुर्थी के मौके पर ही हई थी। उस वक्त देवी अहिल्याबाई होलकर ने इस मंदिर की नींव रखी थी।
पुजारी अशोक भट्टके मुताबिक़ मेले में 7 से 8 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मंदिर प्रबंधन का दावा है कि भीड़ के बावजूद भी 45 मिनट के भीतर ही दर्शन करवा दिए जाएंगे। अधिक भीड़ होने के कारण 4-4 की कतार में खजराना गणेश के चलित दर्शन होंगे।
मेला और मंदिर परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इसके अलावा समिति के 60 से अधिक कर्मचारी दर्शन व्यवस्था संभाल रहे हैं। पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है।