Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना नया नारा गढ़कर पार्टी की विचारधारा और जीत के मंत्र को काफी पहले ही चुनावी मैदान में उतार दिया हैं.

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 'सपने नहीं हकीकत बुनते है, इसलिए तो सब मोदी को चुनते हैं' का नारा गढ़ा है. इस नारे का प्रयोग सभी लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी की रैलियों और सभाओं में वैसे ही सुनाई देगा जैसे “एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी” सुनाई दिया था.
बीजेपी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में ''अच्छे दिन आने वाले हैं'' और 2019 में ''फिर एक बार मोदी सरकार'' का नारा देकर प्रचंड बहुमत से मोदी सरकार बनाई है. हालांकि, अब 2024 के लिए 'सपने नहीं हकीकत बुनते है, इसलिए तो सब मोदी को चुनते हैं' का नारा गढ़ा है.
ये नारा ऐसे समय पर चुना है जब राजधानी दिल्ली में बीजेपी पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार से शुरू हो गई. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.
इस बैठक में विकसित भारत संकल्प अभियान के ज़रिये कैसे देश के हर व्यक्ति तक मोदी की ग्यारंटी के संकल्प को पहुंचाया जाये और हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के परिणामों में मोदी फैक्टर कितना सफल रहा, इस पर चर्चा हो सकती है.
ABP न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि विधानसभा चुनावों की तर्ज पर ही लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही बीजेपी अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर देंगी. दावा किया गया कि पहली लिस्ट जनवरी के आखिरी हफ्ते में आ सकती है.