अब अंतरिक्ष में रोज एक फ्लाइट भेजने की तैयारी चल रही है. इसकी टिकट करोड़ों की होगी लेकिन मजेदार बात यह है कि कई लोगों ने इसे बुक भी करा लिया है. कई ट्रिप तो पूरी भर भी चुकी हैं और स्पेस कंपनियां ज्यादा से ज्यादा टूरिस्टों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी फाइनल करने में जुटी हुई हैं.
रोमांचक पहाड़ी इलाकों में ट्रिप तो आपने बहुत की होंगी लेकिन अब अंतरिक्ष की सैर को तैयार हो जाइए. हालांकि इस जहां के पार जाने के लिए आपको डेढ़ करोड़ से साढ़े तीन करोड़ रुपए तक खर्च करने होंगे. इस तरह की ट्रिप के टिकट सैंकड़ों लोग बुक कर चुके हैं और अंतरिक्ष जाने की ट्रेनिंग भी ले रहे हैं. वो दिन दूर नहीं जब साल में 400 फ्लाइट्स धरती से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगी. इस तरह रोज औसतन एक से भी ज्यादा फ्लाइट मिलेगी.
ये कोई सपना नहीं है, कई लोग अंतरिक्ष की सैर करके आ भी चुके हैं. 700 से अधिक लोगों ने अंतरिक्ष की फ्यूचर ट्रिप के लिए टिकट भी बुक करा लिए हैं. अंतरिक्ष यात्रा के लिए वे खुद को तैयार कर रहे हैं और इनकी ट्रेनिंग भी जारी है. दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क की कंपनी Space-X ने पिछले साल 2021 में चार लोगों को अंतरिक्ष की सैर कराई थी. करोड़ों की इस ट्रिप के बाकी के तीन लोगों को अलग-अलग फील्ड से मस्क ने अपने साथ ले जाने के लिए चुना था. Virgin Galactic और Blue Origin के बाद Space-X तीसरी ऐसी कंपनी थी जिसने अंतरिक्ष टूरिज्म के लिए ट्रिप मुहैया कराई.
स्पेस टूरिज्म जैसे महंगे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए दुनिया के तीन महा अमीर आगे आए हैं. कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन की कंपनी Virgin Galactic, कारोबारी जेफ बेजोस की कंपनी Blue Origin और एलॉन मस्क की कंपनी SpaceX इस दिशा में सफलता पाने वाली कंपनियों में से हैं. इसके लिए अब चीन की एक कंपनी भी बड़े प्लान के साथ आगे आई है. कई देशों में इस पर प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं.