राजधानी भोपाल में तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने वायु प्रदूषण का स्तर कम कर दिया है। 16 और 17 दिसंबर को भोपाल शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से 250 के बीच था। प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा था लेकिन 18 और 19 दिसंबर को जैसे ही ठंड बढ़ी तो वायु प्रदूषण का स्तर घट गया है।
इसकी पुष्टि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने की है। 18 दिसंबर को इंडेक्स 128 पर और 19 को 119 पर आ गया है। ठंड से मुश्किलें तो बढ़ी है लेकिन वायु प्रदूषण से राहत मिल गई है। यह राहत तब तक बनी रहेगी, जब तक कि कोहरा न छाने लगे और नमी का स्तर न बढ़ जाए। यह दोनों ही स्थिति में वायु प्रदूषण बढ़ जाता है।
तीन दिन पूर्व 200 से 250 के बीच था एयर क्वालिटी इंडेक्स
राज्य वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह भोपाल शहर के होशंगाबाद रोड, हमीदिया रोड, भेल, कोलार समेत अन्य क्षेत्रों में पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 का और अधिकतम स्तर 200 और 150 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा है।
दोनों ही धूल के कण परिवेशीय वायु के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं और वायु प्रदूषण के स्तर को बढ़ा देते हैं। इनका स्तर एक दिसंबर से लेकर सात दिसंबर तक अधिक था जिसके कारण वायु प्रदूषण की स्थिति बताने वाला इंडेक्स 200 से 300 के बीच रहा था। इंडेक्स का सामान्य स्तर 50 तक या उससे नीचे होना चाहिए। तब हवा साफ मानी जाती है।
पीसीबी के अधिकारियों का कहना है कि पूर्व की तुलना में सड़कों की स्थिति सुधरी है। अब आद्रता बढ़ती भी है तो वायु प्रदूषण बीते माह की तरह गंभीर स्तर पर पहुंचना मुश्किल है। ऐसा हुआ तो आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।