बिहार के भागलपुर में हुए बम धमाके में करीब 10 लोगों की मौत हो गई है। करीब सुबह नौ बजे तक एक बच्चे समेत तीन लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र के काजवालीचक यतीमखाना के पास हुए विस्फोट में करीब 10 लोगों की मौत हो गई है।
धमाका गुरुवार देर रात हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि 4 घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विस्फोट पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, बिहार के भागलपुर में विस्फोट से मौत की खबर दर्दनाक है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस घटना के बारे में मैंने सीएम नीतीश कुमार से बात की। राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का काम जारी है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है।
बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालातों पर मुख्यमंत्री @NitishKumar जी से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है, और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
— Narendra Modi (@narendramodi) March 4, 2022
उधर, बिहार के मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भागलपुर की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं। अभी भी मौके से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
जानिए पूरा मामला :
जानकारी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र में फटाखों से यह विस्फोट हुआ है। पुलिस उसे भी ब्लास्ट के एंगल से देख रही है। भागलपुर पुलिस को भी कुछ दिन पहले आईबी ने अलर्ट कर यहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर में सब-ए-बारात के लिए बमबारी तैयार की जा रही थी, तभी धमाका हुआ। वहीं डीआईजी सुजीत कुमार का कहना है कि एफएसएल टीम जांच कर रही है। इसके बाद ही पता चलेगा कि यह किस तरह का धमाका था। तो भागलपुर के डीएम सुब्रत कुमार ने कहा है कि मामले की जांच होनी चाहिए। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। विस्फोट के बारे में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही पता चलेगी।