वाराणसी में नवनिर्मित नमो घाट पर 4 घंटे घूमने के लिए 10 रुपए टिकट। मंगलवार से इसकी शुरुआत भी हो गई थी लेकिन इस फैसले का जब विपक्ष और सोशल मीडिया पर व्यापक विरोध हुआ तो प्रशासन को घुटने टेकने पड़े और टिकट का आदेश रद्द करना पड़ा।
बड़ी बात यह है कि धार्मिक नगर काशी के किसी घाट पर पहली बार कोई टिकट लगाया गया था। यहां 84 पुराने घाट हैं लेकिन किसी भी घाट पर टिकट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। यह पहली बार था जब काशी के किसी घाट पर टिकट सिस्टम लागू किया था।
विपक्षी दलों सपा और कांग्रेस ने भी इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी थी। भारी विरोध के बीच कमिश्नर को आदेश रद्द करना पड़ा। हालांकि अभी भी आदेश को होल्ड किया गया है और अंतिम निर्णय इसकी समीक्षा के बाद किया जाएगा।
बड़ी बात ये है कि वाराणसी के नमो घाट का अभी उद्घाटन तक नहीं हुआ है। बीती 7 जुलाई को पीएम मोदी इसका उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन महज कुछ घंटे पहले जिला प्रशासन ने उद्घाटन का फैसला रद्द कर दिया था। जिला प्रशासन का कहना था, कि नमो घाट के दूसरे चरण का काम अभी पूरा नहीं हुआ है और पूरे काम के बाद ही लोकार्पण किया जाएगा।