Election 2023: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजयी नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप और रीति पाठक समेत भाजपा के 10 सांसदों ने बुधवार को संसद से इस्तीफ़ा दे दिया। अब ये सांसद अपने राज्यों की विधानसभा के सदस्य ही बने रहेंगे।
इस्तीफा देने वालों में छत्तीसगढ़ से अरुण साव और गोमती साई के अलावा राजस्थान से राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी और किरोड़ी लाल मीना भी शामिल हैं। इस सभी को भाजपा ने ख़ास रणनीति के तहत विधानसभा चुनाव में उतारा था।
विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने वाले 12 सांसदों में से 10 ने बुधवार को संसद की सदस्यता से इस्तीफा देने को नए मुख्यमंत्रियों के चयन के लिए प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है। सांसद रेणुका सिंह और महंत बालकनाथ ने अभी इस्तीफा नहीं दिया है।
भाजपा की यह रणनीति कामयाब भी साबित रही और मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल की है। मध्य प्रदेश में भाजपा के दो सांसदों को हार का सामना करना पड़ा था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक के बाद ही सांसदों द्वारा इस्तीफे दिए जाने फैसला हो गया था। जिस पर बुधवार को अमल करते हुए विधानसभा चुनाव में जीते सभी 10 सांसदों ने इस्तीफा दे दिया।