तमिलनाडु राज्य के तंजावुर जिले के एक मंदिर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। बुधवार (27 अप्रैल) की सुबह एक रथ यात्रा में दो बच्चों समेत ग्यारह लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह घटना उस समय हुई जब जुलूस के दौरान लोग पालकी के साथ जा रहे थे। तभी अचानक पालकी एक मोड़ से गुजरते समय एक ओवरहेड तार के संपर्क में आ गई थी। 

स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना में दो बच्चों समेत ग्यारह लोगों की मौत हो गई। इस बीच गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को इलाज के लिए तंजावुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मध्य क्षेत्र, तिरुचिरापल्ली के महानिरीक्षक वी बालकृष्णन ने कहा कि, प्रशासन ने दुर्घटना पर ध्यान दिया है और जांच शुरू कर दी है।

तमिलनाडु में हुई घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। पीएमओ ने लिखा, तमिलनाडु के तंजावुर में हुई त्रासदी से मुझे गहरा दुःख पंहुचा है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मेरी प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं।

इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिससे साफ पता चलता है कि रथ के एक ओवरहेड तार के संपर्क में आने से यह घटना घटी है। जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु में भक्त बड़ी संख्या में वार्षिक रथ उत्सवों में भाग लेते हैं।