दक्षिण अफ्रीका से लाए जा रहे 12 और चीतों के स्वागत के लिए कूनो पूरी तरह से तैयार है। चीते शनिवार को सुबह 11 बजे कूनो पहुंच जाएंगे, जिन्हें सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव बाड़ों में रिलीज करेंगे।
वन विभाग के अनुसार सुबह 10 से 11 के बीच चीते एयरफोर्स के प्लेन से ग्वालियर एयरपोर्ट आएंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से 11:30 बजे तक कूनो नेशनल पार्क पहुचेंगे, जिसके बाद सीएम चीतों को बाड़े में छोड़ेंगे। कूनों में नए मेहमानों के लिए पूरी तैयारी कर ली गई हैं।
कूनो आ रहे इन चीतों को 9 क्वारेंटीन बाड़ों में छोड़ा जाएगा। ये चीते एक महीने इन्हीं बाड़ों में रहेंगे, क्योंकि ये 7 महीने से अफ्रीका में क्वारेंटीन थे। इनके आने के बाद पार्क में चीतों की कुल संख्या 20 हो जाएगी।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वागत के लिए तैयार हो जाइए। दक्षिण अफ्रीका से शुक्रवार को रवाना हुए 12 चीते शनिवार को भारत पहुंचेंगे। इन चीतों में सात नर और पांच मादा शामिल हैं।
कार्यक्रम को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वीसी के माध्यम से जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।