भोपाल: देश में अब लुप्त वन्यप्राणी चीते न केवल फिर से जंगल में धूल उड़ते हुए दौड़ने लगे हैं बल्कि उनकी आबादी भी पांच महीने में 20 तक पहुंच गई है।
शनिवार को 12 और चीतों को दक्षिण अफ्रीका से लाकर कूनो राष्ट्रीय पार्क में छोड़ा गया। इन्हें अभी छोटे बाड़े में क्वारेंटाइन में रखा जाएगा और कुछ समय बाद नामीबिया से लाए गए चीतों की भांति उन्हें भी कूनो पार्क में छोड़ दिया जाएगा।
श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय पार्क अब देश में चीतों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। 1952 में चीते भारत में लुप्त वन्यप्राणी घोषित कर दिए गए थे लेकिन इन्हें दोबारा भारत में लाकर उनका कुनबा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने चीता प्रोजेक्ट शुरू किया।
गिर के शेरों के लिए विकसित किए गए मध्य प्रदेश के पालपुर कूनो राष्ट्रीय पार्क सहित कुछ अन्य राष्ट्रीय उद्यानों पर चीता प्रोजेक्ट के लिए विचार शुरू किया गया और कूनो राष्ट्रीय पार्क को सभी स्थानों से ज्यादा उपयुक्त माना गया।