मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में मृतकों के संख्या अब 15 हो गई है।  50 से ज्यादा घायल लोगों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मृतकों की संख्या और भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं सीएम शिवराज ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद सीएम शिवराज ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी।

हादसा उस वक्त हुआ जब मोहनिया टनल के पास ट्रक की टक्कर से तीन बसें पलट गईं। जिस बस को ट्रक ने टक्कर मारी उसमे काफी लोग सवार थे। हादसा मोहनिया टनल के पास बड़ोखर गांव के निकट हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से वह साइड में खड़ी तीन बसों से टकरा गया। दो बसें पलट गईं, और तीसरी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। अन्य राहगीरों ने मदद की और घायलों को निकाला। पुलिस को सूचना दी गई। हादसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी शोक जताया है। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों हर संभव मदद की बात कही है।