मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के आम्बा में 18 मुस्लिमों ने हिंदू धर्म अपनाया है। गुरुवार को सभी ने मुसलमान धर्म त्यागा और स्वामी आनंदगिरी महाराज के सान्निध्य में जनेऊ धारण किया। इसके पहले सभी ने गोबर और गोमूत्र से स्नान किया. इन लोगों शपथ-पत्र भी दिया है जिसमें उन्होंने बिना किसी दबाव के धर्म बदलने की बात लिखी।

55 साल के मोहम्मद शाह ने अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ यह धर्म परिर्वतन किया। वे घूम-घूमकर जड़ी-बूटियां और ताबीज बेचने का काम करते हैं. इससे पहले वे स्वामी आनंदगिरी महाराज से मिले थे और धर्म परिवर्तन करने की इच्छा जाहिर की थी। जब उन्होंने इसकी परमिशन दी तो कोर्ट से शपथ-पत्र बनवा लिए। स्वामीजी ने भीमनाथ मंदिर में गोबर, गोमूत्र से स्नान कराया और जनेऊ धारण करवाई. सभी लोगों ने भगवा वस्त्र पहने और जयश्री राम, जय महाकाल तथा सनातन धर्म का जयघोष किया।

इसी के साथ मोहम्मद शाह, राम सिंह बन गए। उन्होंने बताया कि तीन पीढ़ी पहले उनके पूर्वजों ने मुस्लिम धर्म अपना लिया था। पिछले कुछ समय से हिंदू धर्म में उनकी रुचि बढ़ने लगी थी। उनका बेटा मौसम शाह अरुण सिंह, शाहरुख शाह अब संजय सिंह बन गए हैं। पत्नी शायरबी शायरा बाई, तो बहू शबनम सरस्वती बाई बन गई हैं.