महंगी कारों के शौकीन क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पास सिर्फ कारों का ही जखीरा नहीं है बल्कि आधुनिक । सुविधाओं से लैस 190 करोड़ रुपये की लागत वाला निजी हवाई जहाज भी उनके पास है।
आठ से 10 लोगों की क्षमता वाला यह जेट अब रोनाल्डो के परिवार के लिए छोटा पड़ने लगा है। यही कारण है कि मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ने की इच्छा जताने वाला यह दिग्गज फुटबॉलर इस जेट को बेचकर नया निजी हवाई जहाज खरीदने जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोनाल्डो ने 2015 में आठ अंकों की संख्या में गल्फस्ट्रीम जी 200 नाम का हवाई जहाज अपने निजी उपयोग के लिए खरीदा था। वह अक्सर 560 मील प्रति घंटा की रफ्तार से उड़ान भरने वाले इस जहाज से अपनी अपनी पत्नी जॉर्जीना रोड्रिग्ज और बच्चों के साथ छुट्टियां बिताने यूरोप और पुर्तगाल के दौरे पर जाया करते थे। जब रोनाल्डो इस जहाज का उपयोग नहीं करते थे तो वे इसे पौने पांच से आठ लाख रुपये (पांच से 8.5 हजार पौंड) प्रति घंटा के रेट से किराए पर भी देते थे। रोनाल्डो से जेट किराए पर लेने वालों को यात्रा के दौरान मूवी दिखाई जाती थी, जिसमें रोनाल्डो की ओर से किए गए गोलों को दिखाया जाता था। रोनाल्डो ने इसी हवाई जहाज को बेचने की तैयारी कर ली है।