भोपाल. जंगल महकमे में दो पीसीसीएफ के सेवानिवृत्त होने के बाद डॉक्टर अतुल श्रीवास्तव और चितरंजन त्यागी को प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर पदोन्नत करते हुए उनके नवीन पदस्थापना की है.

वन विभाग ने सबसे काबिल आईएफएस अफसर चितरंजन त्यागी के लिए नियमों को शिथिल करने के लिए विवश होना पड़ा. कैडर में स्वीकृत पद के विपरीत जाकर विकास शाखा को पीसीसीएफ पद के लिए अपडेट करते हुए त्यागी को पदोन्नति के बाद वही पदस्थ किया है. इससे पहले विकास शाखा में एपीसीसीएफ स्तर का अधिकारी ही प्रमुख होता था. यही नहीं, इसकी भरपाई कैडर में स्वीकृत एचआरडी पीसीसीएफ के पद को समाप्त कर दिया गया है. हालांकि पीसीसीएफ विकास के पद को लेकर विभाग के कई सीनियर अधिकारियों ने नाराजगी जताई है. वन विभाग ने सोमवार को एक आदेश जारी कर एपीसीसीएफ चितरंजन त्योगी को पीसीसीएफ विकास और डॉ अतुल कुमार श्रीवास्तव को एपीसीसीएफ लघुवनोपज संघ से पीसीसीएफ कार्य आयोजना व वन भू अभिलेख पद पर वन मुख्यालय में पदस्थ किया है.
 

संजय शुक्ला जाएंगे सेंट्रल जू अथॉरिटी

राज्य शासन ने सेंट्रल जू अथॉरिटी सदस्य सचिव बनने पर संजय शुक्ला को वन विभाग की अनुसंधान एवं विस्तार शाखा और आईटी शाखा से रिलीव कर दिया है. वन विभाग ने संजय शुक्ला के आईटी शाखा का प्रभार एसपी शर्मा और अनुसंधान एवं विस्तार शाखा का प्रभार यूके सुबुद्धि को सौंप दिया है. शर्मा और सुबुद्धि के पास दो-दो प्रभार हो है. जबकि मुख्यालय में पदस्थ अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मनोज अग्रवाल को इनमें से किसी एक की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती थी. वन विभाग ने सीनियर आईएएस कल्पना श्रीवास्तव से दो-दो हाथ करने वाले अग्रवाल लूप लाइन में पदस्थ किया है.
 

जबलपुर, खंडवा और बैतूल सर्किल खाली

मोहन मीणा के निलंबन के बाद से ही बैतूल सर्किल मैं किसी भी अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है. जबलपुर सीसीएफ आरडी महला और खंडवा सीसीएफ महेंद्र सिंह सिसोदिया सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं. जबलपुर सीसीएफ का प्रभार एपीसीसीएफ वर्किंग प्लान जबलपुर पी बासुदेव और खंडवा सीसीएफ का प्रभार महकमे में सबसे विवादित अफसर ds2 लिया को सौंपा गया है. बैतूल का प्रभार लंबे समय से होशंगाबाद में पदस्थ सीसीएफ आरपी राय के पास है. आरपी राय को अस्वस्थता के कारण दोनों सर्किलों में काम देखने में परेशानी आ रही है. जबलपुर सीसीएफ बनने के लिए एपीसीसीएफ मनोज अग्रवाल और सीसीएफ अनिल कुमार सिह के बीच जोर आजमाइश चल रही है.