एशिया कप में भारत का पहला मैच पाकिस्तान से है। एशिया कप से कोहली भी ब्रेक के बाद वापसी करने के लिए तैयार है। उन्होंने अपना पिछला शतक नवंबर 2019 में लगाया था। तब विराट ने बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में शतक लगाया था। 

एशिया कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाना है। उससे पहले ही दोनों देशों के क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व खिलाड़ियों की जुमलेबाजी शुरु हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली और पाक कप्तान बाबर आजम की हो रही है। बाबर ने बहुत कम समय में अपना नाम कमा लिया है उनकी तुलना कोहली से की जाती है, लेकिन पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वसीम अकमर इससे इत्तेफाक नहीं रखते। अकरम का मानना है कि कोहली महान खिलाड़ियों में से एक हैं और उनसे बाबर की तुलना किया जाना जल्दबाजी होगी।
विराट पिछले दो वर्षों से रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन दिग्गज वसीम अकरम को लगता है कि भारत के पूर्व कप्तान सर्वकालिक महानों में से एक हैं और बाबर आजम की उनके साथ तुलना नहीं करनी चाहिए।

पूर्व पाक कप्तान वसीम अकरम का कहना है, कि बाबर अभी विराट के बराबर नहीं पहुंचे हैं। अकरम ने आगे कहा, ''मुझे सबसे पहले यह कहना है कि कोहली के खिलाफ भारतीय प्रशंसकों की आलोचना अनावश्यक है। वह न केवल इस युग के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं, बल्कि अभी भी वह खेलने के लिए उपयुक्त हैं। मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ फील्डर्स में उनका नाम है। जैसा कि लोग कहते कि क्लास हमेशा रहता है तो कोहली के साथ भी वही बात है। उम्मीद है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ अपना फॉर्म वापस पा सकेंगे, विराट टूर्नामेंट में जरूर वापसी ज़रूर करेंगे।''
अकरम ने आगे कहा, ''जहां तक बाबर और विराट की तुलना की बात है तो यह स्वभाविक है। जब हमलोग खेलते थे तो लोग इंजमाम उल हक, राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर की तुलना करते थे। उनसे पहले सुनील गावस्कर, जावेद मियांदाद, गुंडप्पा विश्वनाथ और जहीर अब्बास में तुलना होती थी। बाबर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास सही तकनीक है। वह रनों का भूखा है और फिट है। वह अभी भी एक युवा कप्तान है, लेकिन बहुत तेजी से सीख रहा है। हालांकि, विराट के साथ तुलना करना जल्दबाजी होगी।"

27 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से होगा। दोनों ही टीमें ग्रुप ए में हैं । ग्रुप ए में कुल तीन टीमें हैं, भारत और पाकिस्तान के अलावा क्लालिफायर राउंड में जीतने वाली टीम इस ग्रुप में जगह बनाएगी। श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को ग्रुप बी में रखा गया है। इस टूर्नामेंट में 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच कुल 13 मैच खेले जाएंगे।