गुजरात में जहरीली शराब पीने के कारण 23 लोगों की मौत हो गई, वहीं 40 से भी ज़्यादा लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुजरात में शराब बन्दी है, लेकिन फिर भी शराब से हुई इन मौतों ने सरकार को सवालों के घेरे में ला दिया है।
जानकारी के मुताबिक़ गुजरात के बोटाद जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, तो वहीं, 40 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में संदिग्ध शराब तस्करों को हिरासत में लेकर कार्रवाही शुरु कर दी है। मामले की जांच के दौरान अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उन पर नकली शराब बनाने और बेचने का आरोप है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को गुजरात में जहरीली शराब त्रासदी को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया और कहा कि इस ‘शुष्क’ राज्य में जो लोग शराब बेच रहे हैं, उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1551775689002536961?s=20&t=jLP-183qmZXU9xcZzaOa6A
अरविंद केजरीवाल ने इस बात की जांच की भी मांग की कि जहरीली शराब की बिक्री से मिलने वाले पैसे ‘कहां जाते हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गुजरात में शराबबंदी के बाद भी भारी मात्रा में अवैध शराब बेची जाती है। ये कौन लोग हैं जो शराब बेचते हैं? उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। शराब की बिक्री से जो पैसे आते हैं, वे कहां जाते हैं। इसकी जांच की जरूरत है।’’ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल सोमवार को गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां से वे सोमनाथ के लिए रवाना हुए।