मणिपुर में फंसे मध्यप्रदेश के छात्र बुधवार को दिल्ली आ जायेंगे। विद्यार्थियों को मंगलवार दोपहर 2.50 बजे इम्फ़ाल-गुवाहाटी की फ़्लाइट से वापस आना था। इम्फ़ाल से रवाना होने से पहले विमान में तकनीकी ख़राबी पाए जाने पर कोलकाता से दूसरा स्पेशल प्लेन इम्फ़ाल पहुँचाया गया।

अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि सभी 24 छात्र-छात्राएँ रात को 9.30 बजे इम्फ़ाल से गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वे रात गुवाहाटी में रूककर बुधवार सुबह गुवाहाटी-दिल्ली फ़्लाइट से रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छात्रों के रुकने और खाने की समुचित व्यवस्था मध्यप्रदेश भवन नई दिल्ली में करने के निर्देश दिए है। दिल्ली से सभी छात्रों को उनके शहर के निकटतम एयरपोर्ट भोपाल, इंदौर और ग्वालियर लाया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को मणिपुर के राज्यपाल अनुसुइया उइके और मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह से छात्रों की सुरक्षित वापसी को लेकर चर्चा की थी। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी छात्रों से बातचीत कर सुरक्षित वापस लाने का भरोसा दिया था।

बता दें कि मणिपुर में हिंसा और तनाव के कारण मध्यप्रदेश के कई छात्र वह फंस गए थे। ये छात्र मणिपुर की सेंट्रल यूनिवर्सिटी, एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, ट्रिपल आईटी, NIT और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में अध्यनरत हैं।