भोपाल: चीता प्रोजेक्ट के लिये बड़े फारेस्ट आफिसरों के लिये 25 लाख रुपये का अरामदायक वाहन खरीदा जायेगा। इसकी राशि एमपी टाईगर फाउण्डेशन सोसायटी से ली जायेगी।
इस वाहन को खरीदने के लिये तर्क दिया गया है कि वर्तमान में प्रदेश में चीता प्रोजेक्ट/टाईगर ट्रांसलोकेशन, रेस्क्यू कार्य, जागरुकता कार्यक्रम अंतर्गत बड़े फारेस्ट अफसरों को लम्बी दूरी के प्रवास लगातार करना आवश्यक होता है। इसलिये इनोवा क्रिस्टा वाहन क्रय जाना जरुरी है।
पेंच के लिये खरीदी जायेंगी हाईस्पीड बोट:
टाईगर फाउण्डेशन सोसायटी की राशि से पेंच टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले तोतलाडोह डेम के लिये 25 लाख रुपये की एक हाईस्पीड बोट एवं 20 लाख रुपये के हाई मास्ट केमरे भी खरीदे जायेंगे। ऐसा सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिकोण से किया जायेगा।
इन क्षेत्रों के लिये भी खरीदी होगी:
एमपी टाईगर फाउण्डेशन में जमा राशि से अन्य क्षेत्रों के लिये भी खरीदी की जायेगी। इनमें शामिल हैं: एक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत अधिकारियों/कर्मचारियों को वन एवं वन्यप्राणियों द्वारा घायल एवं क्षति किये जाने पर तात्कालिक इलाज मुहैया कराने एवं उपयुक्त इलाज कराने अस्पताल ले जाने एवं वापस आने हेतु 24 लाख 56 हजार रुपये की एम्बूलेंस खरीदी जायेगी।
दो, भोपाल वनमंडल में वन्यप्राणियों के संरक्षण हेतु 11 लाख 95 हजार रुपये का पूर्ण सुरक्षित रेस्क्यू वाहन खरीदा जायेगा।तीन, खण्डवा वनमंडल के लिये 15 लाख रुपये का पूर्ण सुरक्षित रेस्क्यू वाहन क्रय किया जायेगा। चार, भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क हेतु 20 लाख रुपये का स्कार्पियो वाहन खरीदा जायेगा। पांच, देवास वनमंडल के खिवनी अभयारण्य हेतु 12 लाख रुपये की महिन्द्रा बोलेरो कैम्पर गाड़ी क्रय की जायेगी।