उत्तराखंड में रविवार शाम एक बस खाई में गिर गई जिससे 26 लोगों की मौत हो गई. बस में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के 26 तीर्थयात्री और ड्राइवर-क्लीनर समेत कुल 30 लोग सवार थे। ये सभी यात्री चारधाम की यात्रा पर जा रहे थे। सूचना मिलते ही NDRF टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। उत्तराखंड के सीएम स्वयं आपदा नियंत्रण कक्ष से रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर रख रहे हैं। इधर रविवार देर रात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी देहरादून पहुंचे। उन्होंने हादसे में घायल तीर्थयात्रियों से बात की।

घटनास्थल पर मिले शवों का पीएम करा लिया गया है। सभी शव सुबह 10 बजे तक देहरादून पहुंच जाएंगे। सड़क मार्ग से पन्ना की दूरी ज्यादा होने के कारण एयरफोर्स के विमान से शव मध्यप्रदेश लाए जा रहे हैं। पार्थिव शरीरों को ले जाने के लिए एयरफोर्स के विमान दो बजे तक देहरादून आ जाएंगे। यहां से शवों को खजुराहो एयरपोर्ट लाएंगे और इसके बाद शवों को पन्ना के चार गांवों में पहुंचाया जाएगा।

सीएम शिवराज ने रात डेढ़ बजे घायलों से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने बताया- मैं हादसे के चार घायलों से मिला। ड्राइवर हीरा सिंह ने बताया- कि स्टेयरिंग फेल हो गया था। मैंने पहाड़ की तरफ गाड़ी घुमाने की कोशिश की लेकिन गाड़ी खाई में जा गिरी। अक्खी बाई मुझसे अपने बेटे के बारे में पूछ रही थीं। वहां कई लोगों की लाशें पड़ी थी। बस हादसे में अभी तक कुल 24 शव बरामद किए जा चुके है, जबकि 2 लोग मिसिंग है। 

बस हरिद्वार से चली थी। पुलिस के अनुसार गहरी खाई और अंधेरे की वजह से शवों को सड़क तक पहुंचाने में बहुत दिक्कत हुई। हादसे के बाद से एम्बुलेंस के साथ एक मेडिकल टीम भी मौके पर मौजूद है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। बस दुर्घटना के तुरंत बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रमुख अधिकारियों को मौके पर भेज दिया था।

इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को हादसे के बाद अधिकारियों के साथ मीटिंग कर हालात और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। वे रात में ही देहरादून पहुंच गए, सीएम सुबह भी मौके पर जाएंगे।