उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार को आये एवलॉन्च में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) के 29 प्रशिक्षुों के फंसने की खबर है। इनमे से 10 के शव बरामद कर लिए गए हैं, 11 लोग अब भी लापता हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एवलॉन्च के दौरान 20 ट्रेनी की मौत हो गई। हालांकि मौत के आंकड़ों को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है।
घटना द्रौपदी का दंड (DKD) नामक स्थान पर हुई, जहां आमतौर पर पर्वतारोहियों को प्रशिक्षित किया जाता है। राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात करके बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए सेना की मदद मांगी है।
SDRF (राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) के DIG का कहना है, कि SDRF की टीम शिविर में पहुंच गई है। वहीं वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव के लिए वायुसेना के 2 चीता हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं।
बताया जा रहा है, कि 12 दिनों में 3 बार एवलॉन्च आया है। इससे पहले 1 अक्टूबर को केदारनाथ मंदिर के पास एवलॉन्ज हुआ था। इसी समय, 23 सितंबर को मंदिर से करीब 5 किमी पीछे चौराबारी ग्लेशियर में भी एवलॉन्ज हुआ था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज से दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में हैं। वे आज देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। देहरादून में सेना संबंधी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, बुधवार को चमोली जिले में भारत-चीन सीमा पर सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे।