तमिलनाडु के कोयंबटूर, तिरुपुर, रामनाथपुरम और मदुरै के बाद कन्याकुमारी जिले में बीजेपी नेता के घर पर भी बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंके है। बदमाशों द्वारा पेट्रोल बम फेंकने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई हैं। बदमाशों ने भाजपा नेता के घर पर दो पेट्रोल बम फेंके और बाइक लेकर फरार हो गए।

कन्याकुमारी जिले के भाजपा पदाधिकारी कल्याणसुंदरम के घर पर बदमाशों ने पेट्रोल बम से हमला किया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई हैं, जिले के करूमनकुदल में भाजपा कार्यकर्ता कल्याणसुंदरम के घर ईंधन से भरी दो बोतलें जलाते और फेंकते हुए हमलावरों को देखा जा सकता हैं।

शनिवार देर रात हुई इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। कहा जा रहा है कि पेट्रोल बम खिड़की की ग्रिल से टकराया और गिर गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जुटे तो मंडिकाडु पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RSS नेता के घर पर हमला-

सलेम में आज सुबह बदमाशों ने आरएसएस कार्यकर्ता के घर पर पेट्रोल बम फेंके। एक बाइक पर सवार दो लोगों ने पेट्रोल बम जलाकर आरएसएस कार्यकर्ता राजन के घर पर फेंक दिया। पेट्रोल बम ठीक से नहीं जल पाया, इसलिए ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद राजन ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भाजपा नेता और आरएसएस कार्यकर्ता को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की है।

कोयंबटूर में भी हुआ था हमला-

इस घटना से करीब दो दिन पहले कोयंबटूर में बीजेपी कार्यालय पर हमला हुआ था। इस हमले के एक दिन बाद ही पीएफआई के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। घटना के बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया।