पाकिस्तान पर एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहें हैं क्योंकि पाक के पेशावर में शुक्रवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 36 लोग मारे गए और 50 से अधिक घायल हो गए।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार की नमाज के दौरान भीड़ के बीच एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। विस्फोट की घटना से पूरा पाक हिल गया। इस बड़े आतंकी हमले की खबर मिलते ही सभी पाकिस्तानी राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। साथ ही मरने वालों की संख्या का सटीक आकड़ा अभी सामने नहीं आया है। पुलिस और राहत टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही इलाके में मौजूद नागरिकों ने तुरंत घायलों की मदद की। घायलों को अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए नागरिकों ने अपने दोपहिया और चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल किया।

घटना के बाद पेशावर में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। मौके से सबूत जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक किसी आतंकवादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। फिलहाल पाकिस्तानी सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं और अन्य जगहों पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।