MP News: मध्य प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर, जो स्वच्छता के अलावा अपने खानपान के लिए भी जाना जाता है. फिर चाहे 56 हो या फिर सराफा बाजार, मालवा के स्वादिष्ट टेस्ट का लुफ्त उठाने के लिए लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं. अब मालवा का यहीं स्वादिष्ट लाज़वाब टेस्ट इंदौर के नजदीक ही एक शहर में भी मिलने वाला हैं. 

आपने महाकाल की नगरी उज्जैन का नाम तो ज़रूर सुना होगा. उज्जैन श्रद्धालुओं के लिए आस्था का सबसे बड़ा केंद्र हैं. यहाँ रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं. ख़ासकर, श्रावण मास में तो श्रद्धालुओं का जमावड़ा दिनभर दर्शन के लिए लगा रहता हैं. 

यहां बड़ी में श्रद्धालु अलग-अलग राज्यों से भी आते हैं. ऐसे में मालवा के खानपान का स्वाद हर कोई चख सके, इसके लिए इंदौर की 56 दुकानों की तर्ज पर 36 दुकानें अब उज्जैन में भी खुलने वाली है. दरअसल, उज्जैन में 36 दुकानें बनाने की योजना पर विकास प्राधिकरण कार्य कर रहा है. 

ख़बरों की माने तो इसके लिए टेंडर भी निकाले जाने की बात विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्याम बंसल ने की है. श्याम बंसल के मुताबिक, उज्जैन में देश-विदेश के तीर्थ दर्शनार्थी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. जो मालवा के खानपान का मजा लेने इंदौर नहीं जा पाते, वे अब इस स्वाद का आनंद यहीं पर ले सकेंगे. इसी उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है.

विकास प्राधिकरण ही नानाखेड़ा बस स्टॉप के पास पेट्रोल पंप के पीछे खाली पड़ी जगह पर इन दुकानों का निर्माण करेगा. इसका डिजाइन भी काफी आकर्षित करने वाला रहेगा. एक दो दिन में ही इसके लिए टेंडर जारी किए जाएंगे. इसके निर्माण के बाद इस इलाके को नो व्हीकल जोन रखा जाएगा.

इंदौर की फेमस 56 दुकान के बाद उसी तर्ज पर उज्जैन में बन रहीं 36 दुकानों का नाम क्या होगा ये खुद आपको तय करना है. यानी की इसके नाम के लिए आम लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे. जिसका नाम सबसे अच्छा होगा, उसे 21,000 रुपये का इनाम भी दिया जाएगा.