रविवार दोपहर को 4 युवकों की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। बुदनी के 6 युवक नहाने के लिए कोठी बाजार के पास पोस्ट ऑफिस घाट पर आए थे। आशंका जताई जा रही है गहरे पानी में जाने से 4 युवक डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और होमगार्ड के गोताखोर मौके पर पहुंचे।

युवकों को ढूंढने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। ढाई घंटे बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया। फिर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया। चारों की उम्र 20 साल से कम बताई जा रही है।

मृतकों के नाम प्रवीण राजपूत (19) पुत्र कृष्ण गोपाल, पवीसिंह (18) पुत्र राजेश श्रेष्ठा, विनय बैरागी (18) पुत्र प्रहलाद बैरागी और आर्यन (18) पुत्र चतरुराम ठाकुर है। इनके साथ गए ऋतिक (18) पुत्र वेदप्रकाश शुक्ला और आकाश भारती (18) पुत्र धुरेन्द्र कुमार सुरक्षित हैं।

मृतकों के परिजनों को प्रदान की जायेगी आर्थिक सहायता

नर्मदा नदी में डूबने से हुई चार युवकों की मृत्यु पर जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जायेगी। तहसीलदार शैलेंद्र बड़ोनिया ने बताया रविवार को नर्मदापुरम शहर के कोठी बाजार घाट पर गए छह युवकों नहाने के दौरान डूब गए, जिनमें 4 युवकों की मृत्यु हो गई । अन्य 2 युवकों का राजस्व पुलिस एवं होमगार्ड के अमले द्वारा रेस्क्यू कर जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बडोनिया ने बताया कि कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देशानुसार मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जायेगी।