आईपीएल के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट का रोमांच अपने शबाब पर है। एक ओर भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज हो रही है, वहीं ऑस्ट्रेलिया अभी श्रीलंका के साथ और इंग्लैंड अपने घर में न्यूजीलैंड के साथ सीरीज खेल रहा है।
अलग-अलग टीमों के बीच हो रहे धमाल में मंगलवार को दो मजेदार वाकये हुए। दरअसल दो मैदानों पर दो अलग-अलग टीम के बीच दो मुकाबलों में एक जैसा संयोग दिखाई दिया। दो गेंदबाजों के ओवरों में बल्लेबाजों ने पांच-पांच चौके लगाए।
पहला वाकया दक्षिण अफ्रीका और टीम इंडिया के बीच तीसरे T-20 मुकाबले में सामने आया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज एनरिक नोर्त्ज़ के एक ओवर में 5 चौके जड़े।
वही दूसरा वाकया ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले एक दिवसीय मुकाबले में दिखाई दिया। यहां श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदू हसरंगा ने भी 1 ओवर में पांच चौके जड़ने के कारनामे को अंजाम दिया। हसरंगा ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज झाय रिचर्ड्सन को निशाना बनाते हुए उनके एक ओवर में पांच चौके लगा डाले।
अंतर यह रहा कि एक मैदान पर मुकाबला T-20 फॉर्मेट का था तो दूसरा मुकाबला वनडे फॉर्मेट का था। वहीं ऋतुराज गायकवाड का कारनामा भारतीय टीम के लिए जीत लेकर आया और हसरंगा के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद भी श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा।