भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक सौरव गांगुली ने 8 जुलाई 2022 को अपने जीवन की हाफ सेंचुरी पूरी कर ली यानी कि दादा आज पूरे 50 वर्ष के हो गए। उन्होंने इंग्लैंड में अपना जन्मदिन सेलिब्रेट किया। इस मौके पर उनके साथी क्रिकेटर रहे उनके खास दोस्त सचिन तेंदुलकर भी वहां मौजूद रहे।

सौरव गांगुली की शादी डोना गांगुली से हुई है, जो कि एक प्रसिद्ध भारतीय बंगाली ओडिसी नर्तकी हैं। बर्थ डे पार्टी में डोना गांगुली और सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी नजर आ रही हैं। इस दौरान बीसीसीआई के सचिव जय शाह, आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष राजीव शुक्ला भी नज़र आए। 

सौरव चंडीदास गांगुली का जन्म 8 जुलाई 1972 को कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुआ था सौरव गांगुली ने 1992 से 2008 तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की। मौजूदा समय में  वे बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं। उन्होंने भारत के लिए 18585  इंटरनेशनल रन बनाए हैं । उनके नाम 113 टेस्ट में 7212  और 311 वनडे मैचों में 11363 रन दर्ज हैं। 

आईपीएल में भी दादा अपना कमाल दिखा चुके हैं और शुरुआती सीजन में केकेआर फिर सहारा पुणे वॉरियर्स के लिए भी खेलते नजर आए थे । उनके नाम 59 आईपीएल मैचों में 1349 रन दर्ज हैं। वे बल्लेबाजी के अलावा कई बार अपनी गेंदबाजी से भी विरोधी टीम को पस्त कर देते थे। उनके नाम 32 टेस्ट, 100 वनडे और 10 आईपीएल विकेट भी दर्ज हैं।