नई दिल्ली. देश में 5G स्पेक्ट्रम के लिए नीलामी आज से शुरू हो रही है. इसमें कई बड़ी कंपनियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. 5G लॉन्च हो जाने के बाद हमारे रोजमर्रा के जीवन में भी कई छोटे बदलाव होंगे. आइए जानते हैं कि 5G आने के बाद क्या नया होगा?

ज्यादा स्पीड, बेहतर कवरेज
21 सदी के शुरुआती दशक में भारत में ज्यादातर लोगों ने 2G या 3G नेटवर्क ही यूज किया था. 4G की एंट्री होने के बाद इंटरनेट स्पीड में तेजी का नया आयाम खुला. 4G के बाद ही लोगों को वीडियो कॉलिंग और लाइव स्ट्रीमिंग जैसे हाई स्पीड चीजों का अनुभव मिला. 5G नेटवर्क आने के बाद हमें इसी तरह का बहुत कुछ नया देखने को मिलेगा. अधिकांश लोगों के लिए 5G का मतलब सिर्फ इंटरनेट की तेज स्पीड है. काफी हद तक यह सच भी है. अब हमारी लाइफ कॉलिंग की नहीं बल्कि डेटा की पटरी पर दौड़ रही है इसलिए एक जनरेशन ऊपर का नेटवर्क इंटरनेट की फास्ट स्पीड तो लाएगा ही. 4G पर हमें दरअसल 100Mbps तक की स्पीड मिलती है पर 5G नेटवर्क  पर यह Gbps में मिलेगी. इस तरह के 5G के अपर बैंड्स में हमें करीब 100 गुना ज्यादा स्पीड मिल सकती है. 5G आने के बाद कॉल और कनेक्टिविटी के नए आयाम भी खुलेंगे ही. साथ ही 5G नेटवर्क पर हमें बेहतर कॉलिंग एक्सपीरियंस भी मिलेगा. कॉल ड्रॉप की समस्या कम हो जाएगी. 

हालांकि 5G के रोलआउट होने और इसे आम लोगों तक पहुंचने में खासा वक्त लगेगा. यह टेक्नोलॉजी बड़े शहरों में तो जल्द मिल जाएगी पर गांव और कस्बों को थोड़ा इंतजार करना होगा.

अन्य फायदे 
— टेलीकॉम कंपनियों को नेटवर्क रेंज बढ़ाने के लिए नया विकल्प मिल जाएगा. 
— 4G के मुकाबले 5G नेटवर्क 100 गुना तक तेज होगा. इससे यूजर्स को हाई क्वालिटी वीडियो और अल्ट्रा हाई रेज्योलूशन वीडियो कॉलिंग जैसे फायदे मिलेंगे.
— हमें ना सिर्फ स्लो इंटरनेट स्पीड से निजात मिलेगी, बल्कि टेक्नोलॉजी के कई नए आयाम खुलेंगे. 
— आम लोगों तक मेटावर्स जैसी नई टेक्नोलॉजी की पहुंच हो जाएगी.