Morocco Earthquake Update: अफ्रीकी देश मोरक्को में देर रात 6.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 632 लोगों की जान चली गई. जबकि, 329 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है.

मंत्रालय की तरफ से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर नुकसान शहरों और कस्बों के बाहर हुआ है. मोरक्को में आए भीषण भूकंप से ऐतिहासिक शहर मराकेश से लेकर एटलस पर्वत के गांवों तक की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं.

सुबह के समय आया भूकंप-

भारतीय समय के अनुसार, भूकंप आज ​​सुबह करीब 3.41 बजे आया. यूएसजीएस के मुताबिक, उत्तरी अफ़्रीका में 120 वर्षों में यह सबसे शक्तिशाली भूकंप है. यूएसजीएस ने कहा कि वर्ष 1900 के बाद से इस क्षेत्र के 500 किमी के दायरे में 6 या इससे अधिक तीव्रता का कोई भूकंप नहीं आया है.

यहां सिर्फ M5 लेवल का भूकंप रिकॉर्ड किया गया है. मराकेश शहर के एक निवासी ने बताया कि भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई हैं. फिलहाल, विनाशकारी भूकंप से लोगों में डर का माहौल है. इस भयानक भूकंप की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं.

पीएम मोदी ने जताया शोक-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरक्को में आए विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि मोरक्को में भूकंप के कारण जान-माल का नुकसान बेहद दुखद है. मेरी संवेदनाएं मोरक्को के उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने दुख की इस घड़ी में अपने प्रियजनों को खो दिया है. भारत इस कठिन समय में यथासंभव मदद करने के लिए तैयार है.

ऐसा ही विनाशकारी भूकंप तुर्की में भी आया था-

इससे पहले तुर्की में 6 फरवरी 2023 को ऐसा ही विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें 45 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 थी. भूकंप का केंद्र दक्षिणी तुर्की का गाज़ियानटेप था. इसके अलावा 2004 में, भूमध्यसागरीय तटीय शहर अल होसेइमा के पास 6.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें 600 से अधिक लोग मारे गए थे.