आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के अक्कीरेड्डीगुडेम में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 12 लोगों के घायल होने की खबर है। यह घटना गुरुवार रात में गैस लीकेज के कारण हुई।

एएनआई के अनुसार, एलुरु के एसपी राहुल देव शर्मा ने कहा कि नाइट्रिक एसिड, मोनोमिथिल के रिसाव के कारण कारखाने में आग लग गई। आग लगने के समय फार्मास्युटिकल फैक्ट्री की यूनिट 4 में अठारह लोग काम कर रहे थे। जान गवाने वाले छह लोगों में से चार बिहार के प्रवासी श्रमिक थे। दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।

मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। साथ ही गंभीर रूप से घायलों में से प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये के मुआवजे की भी घोषणा की। सीएम ने अधिकारियों को अस्पताल में घायलों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को घटना के जांच निर्देश दिए गए है।