उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक कार दुर्घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना एक वैगनआर कार और एक अन्य वाहन की टक्कर में हुई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद वाहन मौके से फरार हो गया।

आगरा से नोएडा जा रही थी कार-

घटना के वक्त कार में 3 महिलाएं, 3 पुरुष और 3 बच्चे समेत 9 लोग सवार थे। घटना नोहजिल इलाके के माइलस्टोन 68 पर हुई जब वैगन आर में सवार लोग आगरा से नोएडा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान कर रही है।

पीएम मोदी ने जताया दुःख-

पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताया है और ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की है। PMO ने लिखा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

सीएम योगी ने जताया दुःख-

सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया है और ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने लिखा, मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा घायलों के उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।