PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर के दिन 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान 'रोजगार मेला' का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पीएम मोदी द्वारा 75,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।  

देखिये लाइव-

 

पीएम ने गिनाई सरकार की उपलब्धि- 

पीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत में सभी देशवासियों को धनतेरस की बधाई देते हुए कहा कि भगवान धनवंतरी आपको खुश रखें और मां लक्ष्मी की कृपा आप सभी पर बनी रहे। मैं भगवान से यही प्रार्थना करता हूं। अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि बीते 8 वर्षों में, देश में रोजगार और स्वरोजगार का, जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ रही है, ये कड़ी रोजगार मेले की है।  

पीएम मोदी बोले, आज केंद्र सरकार 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है, बीते 8 वर्षों में पहले भी लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर चल रहे हैं। इसमें हमारे नवीन आविष्कारों, उद्यमियों, किसानों, सेवाएं और उत्पादन से जुड़े साथियों की बड़ी भूमिका है।

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना पर पीएम मोदी-

बीते 8 वर्षों के कार्यों के बारे में बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले महीनों में इसी तरह लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा समय-समय पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। आज अगर केंद्र सरकार के विभागों में इतनी तत्परता, इतनी efficiency आई है, इसके पीछे 7-8 साल की कड़ी मेहनत है, कर्मयोगियों का विराट संकल्प है। आज भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। 7-8 साल के भीतर हमने 10वें नंबर से 5वे नंबर तक की छलांग लगाई है। ये इसलिए संभव हो पा रहा है, क्योंकि बीते 8 वर्षों में हमने देश की अर्थव्यवस्था की उन कमियों को दूर किया है, जो रुकावटें पैदा करती थीं।

उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना' के तहत देश के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग देने का बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान की मदद से ट्रेन किया जा चुका है। गांवों में बड़ी संख्या में रोजगार निर्माण का एक और उदाहरण, हमारी खादी और ग्रामोद्योग है। देश में पहली बार खादी और ग्रामोद्योग, एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का हो चुका है। इन वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग में एक करोड़ से अधिक रोजगार बने हैं। इसमें भी बड़ी संख्या में हमारी बहनों की हिस्सेदारी है।

स्टार्टअप इंडिया अभियान पर पीएम मोदी-

पीएम मोदी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया अभियान ने तो देश के युवाओं के सामर्थ्य को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है। साल 2014 तक जहां देश में कुछ सौ ही स्टार्टअप थे, आज ये संख्या 80 हजार से अधिक हो चुकी है। भारत कई मायनों में आत्मनिर्भर बन रहा है। एक आयातक से भारत निर्यातक की भूमिका में आ रहा है। अनेक सेक्टर में भारत ग्लोबल हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा हैं।

टूरिज्म सेक्टर को मिली नई ऊर्जा-

रोजगार को लेकर पीएम मोदी बोले, रोजगार के कई नए अवसर बन रहे हैं। आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे, डिफेंस के साजो-सामान तक अनेक सेक्टर में निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। ये तभी हो रहा है क्योंकि भारत में फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं और साथ ही काम करने वालों की संख्या बढ़ रही है। भारत सरकार, इंफ्रास्ट्रक्चर पर 100 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का लक्ष्य लेकर चल रही है। इतने बड़ पैमाने पर हो रहे विकास कार्य स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर बना रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय स्तर पर भी युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर बना रहे हैं। आधुनिक इंफ्रा के लिए, हो रहे ये सारे कार्य टूरिज्म सेक्टर को भी नई ऊर्जा दे रहे हैं। आस्था के, आध्यात्म के, ऐतिहासिक महत्व के स्थानों को भी देशभर में विकसित किया जा रहा है। ये सारे प्रयास रोजगार बना रहे हैं।