सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. कश्मीर के एडीजीपी ने कहा कि अकेले कश्मीर जोन में साल 2022 के दौरान कुल 93 सफल एनकाउंटर हुए हैं. इस आतंकी मुठभेड़ में कुल 172 आतंकी मारे गए हैं. जिसमें 42 विदेशी आतंकी भी शामिल है.
कश्मीर के एडीजीपी ने ट्विटर के जरिए बताया कि पाकिस्तान के 108 आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा और टीआरएफ के सबसे ज्यादा हैं. जिसके बाद जैश-ए-मोहम्मद के 35, SM के 22, आब-बदर के 4 और AGuH के 3 आतंकी मारे गए है. उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल आतंकी संगठनों की नई भर्ती में 37 फीसदी की कमी आई है.
आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के अभियान का असर-
पिछले कुछ समय से कश्मीर में आतंकी संगठन घाटी में आतंक फैलाने के लिए आम नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं. जिसका सुरक्षाबलों ने करारा जवाब दिया है. कश्मीर जोन के एडीजीपी ने बताया कि सुरक्षाबलों की कार्रवाई के चलते पिछले साल के मुकाबले इस साल आतंकी संगठनों की नई भर्तियों में 37 फीसदी की कमी आई है.
भारी मात्रा में हथियार बरामद-
इस वर्ष कश्मीर क्षेत्र में विभिन्न आतंकवादी मुठभेड़ों और मॉड्यूल के भंडाफोड़ के दौरान कुल 360 हथियार जब्त किए गए. जिनमें से 121 AK सीरीज राइफल, 8 m4 कार्बाइन और 231 पिस्टल शामिल हैं. इसके अलावा आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान भारी मात्रा में आईईडी, बम और ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं. जिससे कई आतंकी घटनाएं टल गईं.
कश्मीर में आतंकी घटनाओं में मारे गए 29 नागरिक-
इस साल कश्मीर में विभिन्न आतंकी घटनाओं में आम नागरिकों की भी जान गई है. एडीजीपी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस साल के दौरान आतंकियों ने 29 नागरिकों को निशाना बनाया है. इनमें 21 स्थानीय और 8 अन्य राज्यों के नागरिक शामिल हैं. आतंकवादी हमले में मारे गए स्थानीय नागरिकों में 3 कश्मीरी पंडितों और 6 हिंदुओं सहित 15 मुस्लिम शामिल हैं. सुरक्षाबलों ने बासित डार और आदिल वानी को छोड़कर इन आतंकी घटनाओं में शामिल सभी आतंकियों को मार गिराया है. पुलिस ने दावा किया कि बाकी दो आतंकियों को भी जल्द मार गिराया जाएगा.