भोपाल। व्यापम की भर्ती परीक्षाओं में गड़बडिय़ां रोकने के लिये अब उम्मीदवारों के आधार नंबर लिये जायेंगे और उनका सत्यापन भी किया जायेगा। इसके लिये राज्य सरकार ने लंबे समय बाद व्यापम की परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव कर दिया है।

बदलाव में कहा गया है कि व्यापम की परीक्षाओं के दौरान प्रतिरुपण और अन्य कदाचार की रोकथाम एवं परीक्षा के निष्पक्ष संचालन हेतु प्रत्येक अभ्यर्थी का आधार सत्यापन की अनुमति दी जाती है। व्यापम केंद्र सरकार के आधार अधिप्रमाणन के उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करेगा। अब व्यापम की परीक्षाओं में उम्मीदवार के आधार नंबर के साथ-साथ उसकी आंखों एवं अंगुली चिन्हों का भी सत्यापन होूगा।

उल्लेखनीय है व्यापम कांड में परीक्षार्थियों द्वारा अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाने के मामले आये थे जिससे यह बड़ा घोटाला हुआ था। एसटीएफ के बाद सीबीआई को भी इस पर कार्यवाही करना पड़ी थी जो अब भी जारी है।