रबी सीजन के लिए इस समय किसान खाद की व्यवस्था करने में लगे हुए हैं लेकिन उन्हें समय पर और आसानी से खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गुरुवार को किसानों ने सेन तिराहा पर चक्का जाम कर दिया। बाद में एसडीएम रवि मालवीय ने किसानों को समझाइश दी एवं किसानों को टोकन बांटकर खाद बंटवाना शुरू कराया, तब जाकर जाम खुला।

 

ऐसे में प्रशासन की खाद वितरण को लेकर तैयारियों की पोल खुल गई है क्योंकि यदि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है तो फिर किसानों को समय पर खाद क्यों नहीं उपलब्ध हो पा रही है इसका जबाब प्रशासन के पास भी नहीं है। चक्का जाम कर रहे किसानों ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से लाइन में लगे हुए गुरुवार की दोपहर में अचानक शासकीय गोदाम पर काउंटर बंद कर दिया गया एवं बताया कि खाद आपको सोसायटी से मिलेगी।

 

किसानों का कहना था कि तीन-चार दिनों से लाइन में लगे हुए थे अब दोबारा से सोसायटी में पहुंचकर फिर इसी तरह से लाइन में लगना होगा। किसानों ने दो बार चक्का जाम किया। सुबह के दोपहर ढाई बजे से चार बजे तक करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगने से शहर का यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ।

 

चक्का जाम की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम रवि मालवीय मौके पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं जिसके बाद एसडीएम ने अपने उच्च अधिकारियों से बात कर किसानों को मौके पर ही टोकन बंटवाए एवं बताया कि जिन लोगों को टोकन दिए उन्हें खाद शासकीय गोदाम से ही मिलेगा। इसके बाद किसानों को अपनी अपनी सोसाइटी से खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने किसानों को बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद का स्टॉक है और सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाएगा।