भोपाल: राज्य सरकार ने बालाघाट जिले की वारासिवनी तहसील के ग्राम खापा में मेसर्स विसाग बायोफ्यूल प्रालि कंपनी के प्रस्तावित प्लांट के लिये चंदन नदी से अतिरिक्त जल का आवंटन कर दिया है। उक्त कंपनी को पहले चंदन नदी से 0.15 मिलियन घनमीटर वार्षिक जल का आवंटन किया गया था तथा कंपनी ने समस्त देय शुल्क जमा कर जल संसाधन विभाग से 15 सितम्बर 2021 को अनुबंध भी कर लिया था। लेकिन दस दिन बाद ही कंपनी ने और अधिक जल की आवश्यक्ता होने का पत्र 25 सितम्बर 2021 को राज्य शासन को दिया। इस पर राज्य शासन ने कंपनी की चंदन नदी से जल लेने की मात्रा 0.15 मिघमी से बढ़ाकर 0.225 मिघमी वार्षिक करना मंजूर कर दिया है तथा कंपनी से कहा है कि वह देय अतिरिक्त शुल्क अदा कर एक माह में फिर से अनुबंध करे।
टीकमगढ़ के जतारा शहर हेतु जल आवंटित :
इधर टीकमगढ़ जिले की जतारा नगर परिषद की पेयजल योजना के लिये छतरपुर जिले की तहसील बड़ामलहरा की ग्राम पंचायत पीरा के ग्राम बडख़ेरा के पास स्थित धसान नदी से 0.5913 मिघमी वार्षिक जल आवंटित किया गया है।
इसी प्रकार, राज्य सरकार ने गुना जिले की समूह जल प्रदाय योजना के लिये मप्र जल निगम को गोपीकृष्ण सागर बांध से 11 मिघमी वार्षिक, झाबुआ जिले के विकासखण्ड पेटलावद के आठ ग्रामों की नलजल समूह योजना के लिये पीएचई को माही डेम से 0.74 मिघमी वार्षिक, बुरहानपुर जिले की नगर परिषद शाहपुरा की पेयजल योजना हेतु ताप्ती नदी से 0.79 मिघमी वार्षिक तथा भिण्ड जिले की दबोह नगर परिषद की पेयजल योजना हेतु निर्माणाधीन मां रतनगढ़ परियोजना बांध से 0.380 मिघमी वार्षिक जल भी आवंटित किया है।