भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को भोपाल के मिंटो हॉल में शुरू हो गई है. अपने स्वागत भाषण में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राजगढ़ में हुई पिछली कार्यसमिति की बैठक में लिये गये निर्णय को सर्वसम्मति से पारित करने का प्रस्ताव रखा.
बैठक शुरू होने से पहले प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस गुंडों को प्रोत्साहित कर रही है. भारतीय जनता पार्टी की राज्य कार्यसमिति की बैठक से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़े, जनता जवाब देगी। वहीं, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भोपाल और इंदौर में तीन दिन में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू कर दिया जाएगा.
उद्घाटन सत्र में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश की सह प्रभारी पंकजा मुंडे, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धुर्वे और राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मौजूद हैं।