प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, जावेद अख्तर, देश में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी घटनाओं पर खामोशी और प्रधानमंत्री की सुरक्षा चूक पर आपकी निंदनीय टिप्पणी टुकड़े-टुकड़े गैंग के स्लीपर सेल वाली मानसिकता प्रदर्शित करती है। आप कला जगत से हैं, इसलिए कला करें, कलाकारी नहीं।
गृह मंत्री मिश्रा ने कहा, 2018 के विधानसभा चुनाव में कर्जमाफी के नाम पर किसानों को धोखा देकर सत्ता में आने वाली कांग्रेस और कमलनाथ जी को किसान भाई आने वाले चुनाव में भी सबक सिखा देंगे।
उन्होंने कहा, कांग्रेस देश के लिए दीमक और दिग्विजय सिंह कांग्रेस के लिए दीमक की तरह हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जर्जर स्थिति इसका जीवंत उदाहरण है।
गृह मंत्री मिश्रा ने कहा, स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी प्रदेश में रोजगार दिवस के तौर पर मनाई जाएगी। इस अवसर पर होने वाले रोजगार मेलों में 5 लाख 26 हजार युवाओं को स्वरोजगार योजना के तहत स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा, संपूर्ण प्रदेश के विकास को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2022-23 का बजट बनाया जाएगा। बजट में सभी नागरिकों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा। बजट को लेकर कांग्रेस की आपत्ति सिर्फ कमी निकाले का एक अवसर मिलने के सामान है।
मिश्रा ने कहा, स्कूलों को लेकर स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समीक्षा की। अभी बच्चों और पालकों के हितों को देखते हुए सभी निर्णय लिए जा रहे हैं। अगर स्थिति गंभीर हुई तो तत्काल निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा, प्रदेश में कोरोना के डेल्टा और Omicron के चलते आई कोरोना की तीसरी लहर का मुकाबला करने और हानि को कम करने के लिए सभी तैयारियां पूरी तरह मुकम्मल है। संक्रमितों की पहचान के लिए टेस्ट बढ़ा दिए गए है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2857 केस आए हैं। इसके साथ राज्य में कुल एक्टिव केसों की संख्या 10987 हो गई है। वर्तमान में कोरोना की संक्रमण दर 4% और रिकवरी रेट 97.80% है। सोमवार को प्रदेश में 79023 टेस्ट हुए है।