भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की बैठक हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहें। संसदीय समिति की बैठक में चार राज्यों में सरकार गठन समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। 

बैठक में पीएम मोदी ने सभी सांसदों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, सभी सांसद 1 अप्रैल से 14 अप्रैल तक एक मुख्य कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। उन्होंने सांसदों से कहा कि, 6 अप्रैल को पार्टी अपना स्थापना दिवस मनाएगी। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती है। ऐसे में सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्र में जाएं और लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताएं। बैठक के बाद मिली जानकारी के अनुसार, सभी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का विस्तार करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया।

चुनाव के बाद से दूसरी बार हुई बैठक : 

इससे पहले 15 मार्च को भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई थी। इस बैठक में पीएम मोदी ने अपने सांसदों को राजनीति के बारे में कई अहम बातें बताईं थी। पीएम ने अपने संबोधन में कहा, नस्लवाद या परिवारवाद की राजनीति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और हमें इससे लड़ना होगा। पीएम ने आगे बताया कि, उनकी वजह से ही हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में कई सांसदों के बच्चों को टिकट नहीं मिला। पीएम ने कहा कि जातिवाद या परिवारवाद की राजनीति से लड़ने के लिए बीजेपी को संगठन में इस तरह की प्रथाओं पर अंकुश लगाना होगा।