बुआ के बेटे के साथ आरोपी ने किया अपहरण, ग्वालियर के बदलापुर में कमरे में बंधक बनाकर कर रहा था दुष्कर्म...

भोपाल: बैरसिया थाना क्षेत्र में बस स्टैंड से 21 साल की युवती का कार से अपहरण कर उसे ग्वालियर ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी उसे कमरे में बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म कर रहा था। वहां से किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर आई युवती की शिकायत पर बैरसिया पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी का साथ उसकी बुआ के बेटे ने दिया था। 

पुलिस ने उक्त मामले में मुख्य आरोपी पर अपहरण, बलात्कार और मारपीट समेत जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। इसी प्रकार आरोपी का साथ देने वाले फुफेरे भाई को भी सहआरोपी बनाया है।

थाना प्रभारी केएन भारद्वाज ने बताया कि 21 साल की युवती नरसिंहगढ़ की रहने वाली है। उसकी शादी बैरसिया के तरावली इलाके में हुई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गत 11 अक्टूबर को वह ससुराल से मायके जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंची थी। बस को समय होने के कारण वह बस स्टैंड पर समोसा खा रही थी, तभी कार से वहां अशोक नट और खेमू नट पहुंचे थे। अशोक नट की बुआ का बेटा खेमू नट है।

ग्वालियर ले जाकर दुष्कर्म, पीड़िता के परिचित है आरोपी...

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अशोक और खेमू उसके परिचित हैं। दोनों ने बस स्टैंड पहुंचकर उससे पूछा था कि कहा जा रही हो। पीड़िता ने उन्हें बताया था कि वह अपने मायके नरसिंहगढ़ जा रही है। इस पर आरोपियों ने कहा कि वह भी नरसिंहगढ़ जा रहे हैं छोड़ देंगे। समय और किराया दोनों बच जाएगा। पीड़िता उनकी बातों में आ गयी।

ग्वालियर में बंधक बनाकर अशोक ने किया दुष्कर्म...

आरोपी अशोक और खेमू पीड़िता को ग्वालियर के बदलापुर ले गए थे। वहां किसी कमरे में उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान अशोक उससे दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता का कहना है कि किसी तरह वह अशोक के चंगुल से छूटकर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसके बाद भोपाल अपने घर लौटी। परिजन के साथ पहुंचकर उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खेमू नट की तलाश की जा रही है।