शिक्षक पात्रता परीक्षा पास अभ्यार्थी सरकारी स्कूलों के रिक्त पदों पर बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर शुक्रवार को अभ्यार्थी एमपी नगर से पैदल मार्च करते हुए लोक शिक्षण संचालनालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान लोक शिक्षण आयुक्त को अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, जनजातीय विभाग मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पद वृद्धि की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि 10 वर्ष बाद हो रही स्थाई शिक्षक भर्ती में प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय दोनों विभागों से मात्र 30,574 शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। स्कूलों के समस्त रिक्त पदों पर स्थाई शिक्षक भर्ती की मांग की है।

इससे पूर्व भी कई बार अभ्यर्थियों द्वारा राजधानी विरोध प्रदर्शन किया है। पात्रता परीक्षा पास अभ्यर्थी संघ के संयोजक रंजीत गौर ने कहा कि उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती में शिक्षा विभाग से 17,000 शिक्षकों की भर्ती होना थी परंतु अभी तक 15,000 शिक्षक भर्ती के लिए सूची जारी की गई है, शेष 2,000 पदों पर सूची जारी कराने की मांग भी ज्ञापन पत्र में की गई है।

वहीं माध्यमिक शिक्षक भर्ती में कुल 5,670 पदों पर भर्ती की जा रही है, जिसमें विज्ञान के मात्र 50, सामाजिक विज्ञान के 60 उर्दू के 18, हिंदी के 100, संस्कृत के 772 गणित के 1,312 व अंग्रेजी के 3,358 पदों पर भर्ती की जा रही है। शिक्षक भर्ती में बहुत कम मात्रा में रिक्त पद दशायें गये हैं जिससे अतिथि शिक्षक शैक्षणिक अनुभव एवं योग्यता रखने के बाद भी शिक्षक भर्ती से बाहर हो गए हैं। जिससे पात्र अभ्यर्थियों में आक्रोश है।