रिटायर्ड कर्मचारी को लगाया चालीस हजार का चूना..
पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय ओमप्रकाश सक्सेना गांधी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनका भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम कार्ड कहीं गुम हो गया था। एटीएम कार्ड गुम होने पर उन्होंने कार्ड को बंद कराने के लिए कस्टमर केयर का ऑनलाइन नंबर तलाशा।
ऑनलाइन मिले नंबर पर उन्होंने फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद मांगी गई कुछ जानकारी उन्होंने दे दी। पांच मिनट बाद उनके पास एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को स्टेट बैंक के कस्टमर केयर से बात करना बताया।
चूंकि पांच मिनट पहले ही फरियादी ने कस्टमर केयर पर फोन लगाया था, इसलिए उन्हें भरोसा हो गया कि बैंक के कार्यालय से ही फोन होगा। आरोपी ने फरियादी से उनकी शिकायत पूछी, फिर ऑनलाइन रहने का झांसा दिया। जालसाज ने कहा कि आपके बैंक खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आ रहा है, एटीएम कार्ड बंद करने की रिक्वेस्ट खाताधारक ने की है या किसी अन्य ने इसकी तस्दीक के लिए उक्त 'ओटीपी आप हमें बता दीजिए।
फरियादी ने जैसे ही ओटीपी नंबर जालसाज को बताया, उसके चंद मिनट के अंदर ही उनके खाते से 40 हजार 394 रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो गया। चूंकि फरियादी के पास जब जालसाज का फोन आया और उनके बैंक खाते से उक्त राशि कटी, तब वे कहीं जाने के लिए आईएसबीटी में थे। इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत साइबर सेल में की तो घटना स्थल गोविंदपुरा बता दिया गया।